सेना दिवस पर बुद्ध स्नातकोत्तर महाविद्यालय कुशीनगर में होगा सैनिक अभिनंदन समारोह का आयोजन।
(14 दिसम्बर 2025, रविवार)
संस्थान के तत्वावधान में सैनिक अभिनंदन समारोह 2026 की तैयारी बैठक हाटा विकास खण्ड के भठही बाबू ग्राम स्थित जूनियर हाईस्कूल, भठही राजा में सेवानिवृत्त बैंक मैनेजर श्री नरेंद्र नाथ त्रिपाठी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि भारतीय सेना दिवस के अवसर पर 15 जनवरी 2026, गुरुवार को बुद्ध स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कुशीनगर में सैनिक अभिनंदन समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर वर्ष 2025 में भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हुए जनपद के सभी सैनिकों के साथ-साथ अब तक जनपद के शहीद हुए सैनिकों एवं उनके परिजनों को सम्मानित किया जाएगा। यह निर्णय जिले के सैनिकों एवं शहीद परिवारों की यातायात-संबंधी सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया गया।
उल्लेखनीय है कि कार्यक्रम की शुरुआत वर्ष 2024 में भठही बाबू ग्राम स्थित जूनियर हाईस्कूल, भठही राजा के परिसर से हुई थी और यह आयोजन पिछले दो वर्षों से सफलतापूर्वक आयोजित होता आ रहा था। यह कार्यक्रम प्रारम्भ से ही पूर्णतः जन सहयोग से आयोजित होता आया है और इस वर्ष भी समाज के सहयोग से ही इसे गरिमामय स्वरूप दिया जाएगा। समारोह को भव्य बनाने हेतु जनपदीय अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, मीडियाकर्मियों, समाजसेवियों, प्रबुद्ध नागरिकों, व्यवसायियों, व्यापारियों सहित समाज के विभिन्न वर्गों को आमंत्रित किया जाएगा तथा सहयोग एवं उपस्थिति की अपील की जाएगी। यह समारोह केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज की ओर से सैनिकों के त्याग, बलिदान और राष्ट्र सेवा के प्रति कृतज्ञता का सामूहिक संकल्प है।
बैठक में श्री ऋषभ राव, श्री कृष्णमोहन, श्री हेमंत मिश्र, श्री पेशकार गौड़, श्री आदित्य पांडेय, श्री देवानंद गौड़, श्री गोविंद पटेल, श्री सुरेंद्र यादव तथा संस्था सचिव डॉ. हरिओम मिश्र आदि उपस्थित रहे।